सपा प्रमुख ने गोरखपुर में छात्र प्रदर्शन पर दरोगा को दी नसीहत, बुलंदशहर रैली पर सवाल- हैलीपैड और मौसम केवल विपक्ष के लिए ही क्यों खराब होता है?’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा को लोकतंत्र की दुश्मन बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने पर उतारू है।अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से भाजपा से सावधान रहने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में लोकनायक जयप्रकाश नारायण का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के दौरान विकसित कई परियोजनाओं और परिसंपत्तियों को बेच दिया या बर्बाद किया।जेपीएनआईसी का उल्लेख करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि जेपी के नाम पर बनी बिल्डिंग को क्यों बेचा गया। उन्होंने प्लासियो मॉल, किसान बाजार और कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट समेत कई परियोजनाओं का भी जिक्र किया।
जेपी सेंटर से भ्रष्टाचार तक, भाजपा सरकार को घेरा

सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। उन्होंने हाईवे और एक्सप्रेसवे के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकियों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उनका आरोप है कि गरीबों को उचित इलाज नहीं मिल रहा और अस्पतालों में मौसमी तथा संक्रामक बीमारियों के मरीजों को पर्याप्त उपचार नहीं मिल पा रहा है।
2027 में चुनाव जीतना ही है…
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को जनता के बीच रहकर काम करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को व्यवहार और भाषा में शिष्टाचार बनाए रखने की नसीहत भी दी।अखिलेश ने दावा किया कि जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है और 2027 में चुनाव जीतना ही है। उन्होंने भाजपा को किसान, नौजवान और मजदूर विरोधी बताते हुए महंगाई समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट को लेकर भी उन्होंने दावा किया कि इससे लोगों की गाड़ियों के इंजन खराब हुए और उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।
किसानों के लिए 24 घंटे में गन्ना भुगतान का दावा

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के हित में फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि गन्ना किसानों को 24 घंटे में गन्ने का भुगतान कराया जाएगा और किसानों को समय पर खाद, बीज तथा पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
PDA को लेकर अखिलेश का संदेश
लखनऊ की बैठक के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भी PDA को लेकर संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि ‘दिन पर दिन बढ़ रहा है पीडीए का काफिला और अपनेपन से हौसला!’ सपा अध्यक्ष लगातार PDA को पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति के प्रमुख आधार के तौर पर पेश करते रहे हैं।
गोरखपुर में छात्र प्रदर्शन पर दरोगा को दी नसीहत

गोरखपुर में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित तौर पर दरोगा द्वारा गाली-गलौज किए जाने के मामले पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में पुलिसकर्मी को संयम और सौम्यता बरतने की नसीहत देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र हैं, अपराधी नहीं।
बुलंदशहर रैली को लेकर प्रशासन से पूछा सवाल
11 सितंबर को प्रस्तावित बुलंदशहर कार्यक्रम को लेकर भी अखिलेश यादव ने प्रशासन पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि बुलंदशहर के हैलीपैड पर दूर-दूर तक जलभराव नहीं है और केवल सीमेंट, गारा व पेवर ब्लॉक्स दिखाकर कार्यक्रम रद्द करने का बहाना तलाशा जा रहा है।अखिलेश ने मांग की कि सपा पदाधिकारियों के सामने निष्पक्ष विशेषज्ञों से जांच कराकर स्थिति की सच्चाई सामने लाई जाए।उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि सपा सड़क मार्ग से कार्यक्रम में पहुंचेगी, तो क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या सड़कों की खराब स्थिति का बहाना बनाया जाएगा। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि ‘हैलीपैड और मौसम केवल विपक्ष के लिए ही क्यों खराब होता है?’
पुस्तकों के विमोचन और धार्मिक संत से मुलाकात

सपा मुख्यालय में अयोध्या धाम के महंत रामदास जी महाराज (बालयोगी) ने अखिलेश यादव को ‘सीइंग इक्वली’ पुस्तक भेंट की। पार्टी के अनुसार, पुस्तक में महंत रामदास जी का ‘दि।हिंदुइज्म ऑफ राम’ शीर्षक लेख भी शामिल है, जिसमें सभी मनुष्यों को समान मानने की बात कही गई है। अखिलेश यादव ने युवा लेखक भरत के. राजभर की पुस्तक ‘PDA क्रांति-नए भारत की जन चेतना और लोकतांत्रिक विमर्श’ का विमोचन भी किया। पार्टी के मुताबिक, लेखक ने PDA को सदियों से चली आ रही सामाजिक असमानताओं और वंचनाओं के खिलाफ सामूहिक चेतना बताया है। इस दौरान सुल्तानपुर के लम्भुआ के पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने अखिलेश यादव को बजरंग बली हनुमान जी की मूर्ति भेंट की। अखिलेश यादव ने यह मूर्ति अयोध्या धाम के करतलिया बाबा आश्रम के महंत रामदास जी महाराज को भेंट कर दी।
सोशल मीडिया पर मूंछों पर भी दिया जवाब
राजनीतिक बयानों के बीच अखिलेश यादव का एक हल्का-फुल्का सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में रहा। बढ़ी हुई मूंछों की तस्वीर पर उन्होंने लिखा ‘अच्छा लगता है ऐसी मूछों पर ताव…’
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
