लालकुआं-राजकोट और छपरा -पठानकोट समेत चार विशेष गाड़ियों के अतिरिक्त फेरे बढ़े, इज्जतनगर मंडल में शांतिपुरी रेलवे क्रॉसिंग रातभर रहेगी बंद
बरेली/गोरखपुर : आगामी पर्वों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखकर पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने पहले से संचालित चार विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। विस्तारित अवधि में इन ट्रेनों का मार्ग, समय, रेक संरचना और ठहराव पहले की तरह ही रहेगा।रेल प्रशासन के अनुसार लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक विशेष ट्रेन समेत चार स्पेशल गाड़ियों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं।
इन स्पेशल ट्रेनों की बढ़ी संचालन अवधि
05045 लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 29 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को चलेगी और इसे 09 अतिरिक्त फेरे दिए गए हैं। वहीं, 05046 राजकोट -लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 30 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को चलेगी और 09 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इसके अलावा 05193 छपरा -पठानकोट वाया गोरखपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन की संचालन अवधि 23 नवंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी और 08 अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
वापसी ट्रेन का भी बढ़ाया संचालन
यह ट्रेन वापसी दिशा में 05194 पठानकोट-छपरा वाया गोरखपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन 25 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को चलेगी और इसके 08 अतिरिक्त फेरे होंगे। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विस्तारित अवधि के दौरान इन सभी विशेष ट्रेनों के मार्ग, समय, रेक संरचना और ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
शांतिपुरी रेलवे क्रॉसिंग रातभर रहेगी बंद
इधर, इज्जतनगर मंडल में रेलवे इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य के चलते सड़क यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।किच्छा और पंतनगर रेलवे स्टेशनों के बीच किलोमीटर 56/4-5 पर स्थित समपार संख्या 46/स्पेशल (शांतिपुरी) सड़क यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। रेलवे के अनुसार यह समपार 09 सितंबर 2026 को रात 8 बजे से 10 सितंबर 2026 की सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए रेलवे प्रशासन ने समपार संख्या 47/बी गोल गेट से वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है। रेलवे ने लोगों से यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है और होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।
यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए जरूरी सूचना
त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे यात्रियों के लिए राहत भरे साबित हो सकते हैं। वहीं शांतिपुरी क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों को 9 सितंबर की रात से 10 सितंबर की सुबह तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के कारण अपने सफर की योजना वैकल्पिक मार्ग के अनुसार बनानी होगी।
