किलोकरी में घर के बाहर शोर और शराब पीने का विरोध करने पर हुआ विवाद, डिलीवरी कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों पर हमला करने का आरोप
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के किलोकरी गांव में मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विक्रम ने अपने फ्लैट के बाहर हो रहे शोर-शराबे और शराब पीने का विरोध किया था। इसी बात को लेकर वहां मौजूद डिलीवरी कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद विक्रम पर मुक्कों और घूंसों से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनका बेटा याइफाबा उन्हें तुरंत होली फैमिली अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
शोर और शराब पीने का विरोध करने पर बढ़ा विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, विक्रम सिंह अपने घर के सामने हो रहे शोर-शराबे से परेशान थे। वहां कुछ डिलीवरी कर्मी और ढाबा कर्मचारी मौजूद थे। आरोप है कि वहां शराब भी पी जा रही थी। विक्रम ने घर के बाहर शोर करने और शराब पीने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के मुताबिक, पुलिस को विक्रम के साथ मारपीट किए जाने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली थी। शुरुआती जांच में डिलीवरी कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों के हमले में शामिल होने की बात सामने आई है।
गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में हुई मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान विक्रम सिंह को बुरी तरह पीटा गया। मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उनका बेटा याइफाबा उन्हें होली फैमिली अस्पताल लेकर पहुंचा अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान विक्रम सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सात आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में
सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, दीपांशु, मोहन विश्वकर्मा, विजय और मन्नू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 19 से 36 वर्ष के बीच है। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग ढाबों और खाद्य स्टॉल पर काम करते हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
कौन थे मणिपुरी संगीतकार सी. विक्रम सिंह?
सी. विक्रम सिंह मणिपुर के पश्चिमी संगीत जगत में जाना-पहचाना नाम थे। वह गिटार बजाते थे और कई संगीत बैंड के साथ काम कर चुके थे। विक्रम ने अल्ट्रा वाइर्स, फीनिक्स और ईस्टर्न डार्क जैसे बैंड के साथ गिटार वादन किया था। वह मशहूर मणिपुरी गायिका चोंगथम कमला के सबसे बड़े बेटे थे। विक्रम लंबे समय से दिल्ली के किलोकरी इलाके में रह रहे थे। वह मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखते थे। उनकी मौत के बाद पूर्वोत्तर के संगठनों में भी घटना को लेकर दुख और विरोध की प्रतिक्रिया सामने आई है।
पूर्वोत्तर संगठनों ने जताया विरोध
दिल्ली विश्वविद्यालय की नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी ने विक्रम सिंह की मौत पर दुख जताया है। संगठन ने घटना को बेवजह की हिंसा बताते हुए अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की।संगठन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें कानून के तहत सजा दिलाने की मांग की है। वहीं, पूर्वोत्तर समुदाय से जुड़े संगठनों ने घटना के विरोध में कैंडल मार्च भी निकाला।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार सात आरोपियों और हिरासत में लिए गए नाबालिग से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना के कारणों और मारपीट में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
