सांसद रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में ग्वालियर पहुंचेंगे सपाई, बोले, मनुवादी ताकतें संविधान पर कर रही हैं हमला
लखनऊ/ ग्वालियर/भोपाल : मध्यप्रदेश में ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाए जाने को लेकर जारी विवाद के बीच सपा ने समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन 9 जून को ग्वालियर पहुंचकर इस मुद्दे पर धरना देंगे। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव और यूपी के पूर्व मंत्री बादशाह सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समाजवादी पार्टी ने मूर्ति विरोध को बताया मनुवादी हमला
प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने कहा कि ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहब की मूर्ति की स्थापना का विरोध मनुवादी मानसिकता से प्रेरित है। यह न केवल बाबा साहब के योगदान का अपमान है, बल्कि भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और समता की भावना पर सीधा हमला है। समाजवादी पार्टी ने इस विरोध की निंदा करते हुए इसे देशद्रोही मानसिकता बताया और मांग की कि विरोध करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए।
न्यायालय के आदेश की हो रही अनदेखी
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि ग्वालियर हाईकोर्ट में प्रतिमा लगाए जाने को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैथ ने स्पष्ट आदेश दिया था कि जब देश की सुप्रीम कोर्ट में बाबा साहब की मूर्ति लग सकती है, तो ग्वालियर हाईकोर्ट में क्यों नहीं? बावजूद इसके एक महीने से मूर्ति एक वाहन में रखी है और सरकार चुप है।
सपा का ऐलान, सड़क से संसद तक होगा संघर्ष
प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक और राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुनीलम ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब के सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि क्रांतिकारी विचारधारा हैं। डॉ. सुनीलम ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग है कि बाबा साहब की प्रतिमा प्रदेश के सभी जिला न्यायालयों और कलेक्टर कार्यालयों में भी स्थापित की जाए।
डॉ. सुनीलम ने भाजपा सरकार और आरएसएस से मांगा जवाब
डॉ. सुनीलम ने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, आरएसएस संगठन मंत्री, ग्वालियर-चंबल संभाग के विधायक, सांसद और मंत्रियों से स्पष्ट करने की मांग की है कि वे बाबा साहब की प्रतिमा लगाने के समर्थन में हैं या नहीं। उन्होंने रामजीलाल सुमन की सुरक्षा पर चिंता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री से उनकी सुरक्षा की गारंटी देने की अपील भी की है।
सामाजिक न्याय की ताकतों को जोड़ने की अपील
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने वाले सभी संगठनों और व्यक्तियों से अपील की है कि वे 9 जून को ग्वालियर पहुंचकर धरना प्रदर्शन में शामिल हों और सामाजिक न्याय के आंदोलन को मजबूती दें। प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हरगोविंद चौकसे, अंबेडकर वाहिनी के अध्यक्ष बाबूलाल पहलवान सहित कई नेता उपस्थित रहे।
![]()
