बरेली : यूपी के बरेली जिले में रक्षाबंधन के बाद अलग-अलग घटनाओं में तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।हाफिजगंज में कैलाश-पनघेली नदी में नहाने गए तीन बच्चे डूब गए। इसमें से दो को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि 13 वर्षीय शिवांशु की मौत हो गई। वहीं मीरगंज के गुगई गांव में तालाब से 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। दूसरी ओर देवरनियां में चार माह पहले प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कैलाश-पनघेली नदी में तीन बच्चे डूबे
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुनौर के पास दोपहर कैलाश -पनघेली नदी में नहाते समय तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण नदी में कूद पड़े और 14 वर्षीय सुभाष तथा नौ वर्षीय रामवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं 13 वर्षीय शिवांशु पुत्र ब्रजनंदन, निवासी निरंदापुर, गहरे पानी में लापता हो गया। सूचना पर हाफिजगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से कई घंटे तलाश अभियान चलाया गया। रविवार को शिवांशु का शव नदी से बरामद हुआ। बताया गया कि सुभाष रक्षाबंधन पर अपने रिश्तेदार के यहां मेहमानी में आया था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मीरगंज के तालाब में मिला अधेड़ का शव
दूसरी घटना मीरगंज थाना क्षेत्र के गुगई गांव की है। शनिवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने तालाब में एक व्यक्ति का शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त बिसौली निवासी नरेश (50 वर्ष) के रूप में की।पुलिस के अनुसार नरेश 27 अगस्त को गुगई गांव में अपनी बहन रामबेटी से मिलने आया था। बहन के घर पर मौजूद नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद वह वापस जाने की बात कहकर निकल गया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। बाद में उसका शव तालाब में मिला। नरेश तालाब तक कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
चार महीने में ही प्रेम विवाह का दुखद अंत
देवरनियां कस्बे में भी एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका आलिया मूल रूप से इंदौर की रहने वाली थी और करीब चार महीने पहले उसने देवरनियां निवासी साजिद से प्रेम विवाह किया था। दोनों पति-पत्नी देवरनियां में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी और शनिवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आलिया ने फांसी लगा ली। सूचना पर देवरनियां कोतवाली पुलिस, सीओ बहेड़ी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।रविवार को मृतका की मां इंदौर से बरेली पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। फिलहाल मृतका की मां की ओर से कोई आरोप या तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी के मुताबिक, तहरीर मिलने पर आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।तीनों घटनाओं में पुलिस जांच जारी है और संबंधित मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
