देहात की भोजीपुरा पुलिस ने लूटा गया ऑटो, तमंचा और तीन कारतूस किए बरामद, स्टेशन से बुक किया था ऑटो, सुनसान रास्ते में चालक पर हमला कर वारदात को दिया था अंजाम
बरेली : यूपी के बरेली देहात की भोजीपुरा थाना पुलिस ने ऑटो लूट की घटना का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया ऑटो रिक्शा यूपी 25 जेटी 0829, 315 बोर का तमंचा,तीन जिंदा कारतूस और आधार कार्ड की रंगीन प्रति बरामद की है घटना में शामिल तीसरा आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
27 अगस्त को चालक से की थी ऑटो लूट
एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्र ने मीडिया को बताया कि 27 अगस्त को सुभाषनगर निवासी सग्गन पुत्र मक्खन सिंह ने भोजीपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि तीन युवकों ने मारपीट करने के बाद उसका ऑटो लूट लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। शनिवार तड़के पुलिस ने सेमीखेड़ा-बरौर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से विशाल उर्फ छोटू और भारत रत्न, दोनों निवासी ग्राम सेमीखेड़ा, थाना देवरनिया को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी स्टेशन से बुक किया था ऑटो
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बेरोजगार हैं और नशे,मौज-मस्ती तथा गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी के चलते उन्होंने अपने साथी शिवम उर्फ डब्बीलाल के साथ ऑटो लूटने की योजना बनाई।तीनों आरोपियों ने सिटी स्टेशन से जादौपुर जाने के लिए ऑटो बुक किया। रास्ते में सुनसान स्थान देखकर उन्होंने चालक पर हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे के बाट से हमला करने के बाद गमछे से गला दबाया और चालक को सड़क पर गिराकर ऑटो लेकर फरार हो गए।
दुकानों में छिपाकर रखा था लूटा ऑटो
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी लूटे गए ऑटो को अपनी दुकानों में छिपाकर रखे हुए थे। शनिवार को दोनों आरोपी ऑटो को ठिकाने लगाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया और उनकी निशानदेही पर ऑटो बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।बरामद अवैध हथियार के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी शिवम उर्फ डब्बीलाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
