रक्षाबंधन पर कलेक्ट्रेट में दिखा भाईचारे और अपनत्व का भाव, डीएम ने कहा- महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना पूरे जिले के लिए प्रेरणा
बरेली : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बरेली कलेक्ट्रेट में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक समरसता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की ‘दीदियों’ ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पहुंचकर डीएम अविनाश सिंह को राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने राखी बांधकर भाईचारे, विश्वास और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्नेह के लिए आभार जताया।

रक्षाबंधन विश्वास और सामाजिक एकता का प्रतीक
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनना समाज के लिए प्रेरणादायक है।उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनती हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। स्वयं सहायता समूह इस दिशा में महिलाओं को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए जरूरी अवसर और सहयोग उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। रक्षाबंधन के अवसर पर हुई इस मुलाकात ने प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास और अपनत्व के रिश्ते को और मजबूत किया।
