लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना शुरू, बरेली में करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिठाई वितरित
बरेली : महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में राहत देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया। योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बेटियों और बहनों को एक सहयोगी के साथ विशेष अवधि में मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।
रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त यात्रा

प्रशासन के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक माताओं, बेटियों और बहनों को एक सहयोगी सहित नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं और उनके परिवारों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना है।
बरेली में हुआ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बरेली के आईएमए ऑडिटोरियम में किया गया।कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल,मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा,भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह और जिलाधिकारी अविनाश सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया।
करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिठाई बांटी

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और डीएम ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बरेली के साथ रुहेलखंड डिपो के अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
महिला पुलिसकर्मियों का भी सम्मान

कार्यक्रम के समापन से पहले उपस्थित महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण और मातृशक्ति के सम्मान को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी भी साझा की। लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को नियमित नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा और रक्षाबंधन पर विशेष मुफ्त यात्रा की घोषणा को महिलाओं के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
