स्कूल से लौटते समय बीच रास्ते में अटक गई लिफ्ट, बच्ची के मदद के लिए गुहार लगाने का वीडियो आया सामने; सोसाइटी में लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी
मुरादाबाद: मझौला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित ग्रीन आर्किड सोसाइटी में लिफ्ट के बीच रास्ते में अटक जाने से आठ साल की मासूम बच्ची काफी देर तक उसके अंदर फंसी रही। बच्ची स्कूल से वापस आने के बाद अपने फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुई थी। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बीच में ही रुक गई। बच्ची काफी देर तक अंदर फंसी रही और बचाने के लिए गुहार लगाती रही। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि सोसाइटी के बी ब्लॉक निवासी संदीप शुक्ला की आठ वर्षीय बेटी कीर्ति शुक्ला कक्षा चार की छात्रा है। वह स्कूल से वापस लौटने के बाद अपने फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुई थी। लिफ्ट कुछ दूर जाने के बाद अचानक बीच रास्ते में अटक गई। इसके बाद बच्ची लिफ्ट के अंदर ही फंस गई। काफी देर तक वह बाहर निकलने के लिए मदद की गुहार लगाती रही।
घटना के दौरान बच्ची के लिफ्ट में फंसे होने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में बच्ची को काफी देर तक मदद के लिए गुहार लगाते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोगों में भी चिंता और नाराजगी देखने को मिली।
सोसाइटी के लोगों का कहना है कि लिफ्ट से जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। निवासियों का आरोप है कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया जा रहा है।
आठ साल की बच्ची के काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहने की घटना के बाद सोसाइटी की लिफ्ट व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जाए और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। मामला मझौला थाना क्षेत्र की दिल्ली रोड स्थित ग्रीन आर्किड सोसाइटी का है। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।