संतकबीरनगर में ऑपरेशन मजनू का असर, 226 मनचलों से भरवाया माफीनामा; 123 वाहनों के चालान
स्कूल-कॉलेजों के आसपास मंडराने वालों और छेड़खानी करने वालों पर पुलिस की सख्ती, 1.25 लाख रुपये सम्मन शुल्क वसूला, पांच दोपहिया वाहन सीज
संतकबीरनगर: छात्राओं, महिलाओं और आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संतकबीरनगर पुलिस ने दो दिवसीय ऑपरेशन मजनू अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वालों, छात्राओं को परेशान करने वालों और कम उम्र में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
226 मनचलों से भरवाया गया माफीनामा
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्कूल-कॉलेजों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की। अनावश्यक रूप से घूमते और अशोभनीय गतिविधियों में लिप्त पाए गए युवकों को सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस के अनुसार, दो दिनों में कुल 226 मनचलों से भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने का माफीनामा भरवाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्राओं का पीछा करना, अशोभनीय टिप्पणी करना, छेड़खानी करना या महिलाओं को असहज करने वाली गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
123 वाहनों के चालान, पांच दोपहिया वाहन सीज
ऑपरेशन मजनू के दौरान कम उम्र में वाहन चलाने वाले किशोरों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 123 वाहनों के चालान किए। इन कार्रवाई में एक लाख 25 हजार रुपये सम्मन शुल्क वसूला गया, जबकि पांच दोपहिया वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने अभिभावकों को भी जागरूक करते हुए कहा कि कम उम्र में बच्चों को वाहन चलाने देना उनके जीवन के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।
कई मामलों में कानूनी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान सात आरोपियों का भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं में चालान किया गया। एक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत अभियोग दर्ज किया गया, जबकि 12 व्यक्तियों का भारतीय न्याय संहिता की धारा 355 के तहत चालान किया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकत करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
कम उम्र में वाहन चलाने वालों को किया जागरूक
पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में अभिभावकों को भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि बच्चों को समय से पहले वाहन की चाबी देना हादसे का कारण बन सकता है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
बेटियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस का संदेश
संतकबीरनगर पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन मजनू केवल कार्रवाई तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि महिलाओं और छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास है। पुलिस का कहना है कि हर बेटी को बिना डर स्कूल जाने, सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार है। बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी मनचले या संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
