राष्ट्रीय महासचिव बनने के एक दिन बाद मिली नई जिम्मेदारी, बिहार समेत कई राज्यों में संगठन और चुनाव प्रबंधन का लंबा अनुभव
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने एक दिन पहले राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए विनोद तावड़े को अब उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं तावड़े
विनोद तावड़े इससे पहले भी भारतीय जनता पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्ष 2022 के राष्ट्रपति चुनाव में वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के चुनाव प्रभारी रहे थे। इसके बाद उपराष्ट्रपति चुनाव में सीपी राधाकृष्णन के लिए भी उन्हें इसी तरह की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। चुनावी रणनीति और संगठन संचालन में उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने अब उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी है।
2022 से बिहार के प्रभारी रहे
विनोद तावड़े वर्ष 2022 में बिहार के प्रभारी बनाए गए थे। उनके नेतृत्व में जनता दल यूनाइटेड और भाजपा के गठबंधन की सरकार बनी। इसके बाद वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने बेहतर प्रदर्शन किया। वर्ष 2025 में एक बार फिर तावड़े के नेतृत्व में बिहार में भाजपा और जनता दल यूनाइटेड की सरकार बनी। इस दौरान भाजपा के प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला।
कई राज्यों में चुनाव संचालन का अनुभव
विनोद तावड़े का संगठन और चुनाव प्रबंधन का अनुभव कई राज्यों तक फैला हुआ है। वह त्रिपुरा और राजस्थान में मुख्यमंत्री के चुनाव के पर्यवेक्षक भी रह चुके हैं। वर्ष 2026 के केरल विधानसभा चुनाव में उन्हें प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी। इस चुनाव में भाजपा ने केरल में अब तक का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। इसके अलावा गुजरात, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तराखंड और कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में भी तावड़े पार्टी के चुनाव संचालन से जुड़े रहे हैं।
ऑपरेशन गंगा में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
हरियाणा के राज्य प्रभारी के रूप में भी विनोद तावड़े ने संगठन को मजबूत करने के लिए काम किया। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान चलाए गए ऑपरेशन गंगा में उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
15 दिन में जोड़े पांच करोड़ नए सदस्य
विनोद तावड़े को भाजपा के संगठन पर्व 2024 के तहत चलाए गए राष्ट्रीय सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी भी दी गई थी। इस अभियान के दौरान पार्टी की ओर से दावा किया गया कि महज 15 दिनों में पांच करोड़ नए सदस्य जोड़े गए।
2027 चुनाव से पहले बड़ी जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में विनोद तावड़े की नियुक्ति को भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब उनके सामने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति को जमीन पर उतारने की चुनौती होगी।
