बरेली : जनपदीय विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के तहत एमजेपी रोहिलखंड विश्वविद्यालय परिसर में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के तत्वावधान में किया गया।प्रतियोगिता में जिले के सात विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शानदार प्रदर्शन कर एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने तीनों आयु वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया और सर्वाधिक स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
सात विद्यालयों के खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिभा
प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। इसमें अंडर-14 वर्ग में 10, अंडर-17 वर्ग में 29 तथा अंडर-19 वर्ग में 9 खिलाड़ियों ने भाग लिया।खिलाड़ियों ने फ्री स्टाइल और ग्रीको-रोमन शैली में अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने जीते सर्वाधिक गोल्ड
एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक शाहिद रजा ने बताया कि विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अंडर-14 फ्री स्टाइल कुश्ती में 8 स्वर्ण पदक, अंडर-17 फ्री स्टाइल एवं ग्रीको-रोमन वर्ग में 17 पदक तथा अंडर-19 फ्री स्टाइल एवं ग्रीको-रोमन वर्ग में 10 स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।
मुख्य अतिथियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता का शुभारंभ एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी ने किया। इस अवसर पर क्रीड़ा सचिव डॉ. नीरज कुमार, सह सचिव डॉ. अजीत सिंह, फिजिकल हेड डॉ. संदीप चौधरी, राम प्रीत सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इन अधिकारियों और कोचों ने निभाई अहम भूमिका
प्रतियोगिता के सफल संचालन में कुश्ती कोच कृष्णकांत यादव, नवीन बालियान, योगेंद्र सिंह, उत्तरा कुमार, डॉ. मेहदी हसन, अशफाक अली और डॉ. इमरान आलम ने निर्णायक एवं सहयोगी की भूमिका निभाई।
मंडलीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि 20 सितंबर को आयोजित होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता में बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं के चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। मंडलीय स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगे गोरखपुर में आयोजित प्रदेशीय कुश्ती प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे।
