परिजनों का स्कूल प्रबंधन पर फूटा गुस्सा,जांच में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 31 बच्चों में से 13 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नैनीताल रोड स्थित एक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जाता है कि एक निजी स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे भोजीपुरा क्षेत्र के जटऊ पट्टी गांव के पास लिंक मार्ग पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। घायल बच्चों को तत्काल निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायलों का उपचार चल रहा है।
नाबालिग चालक और जर्जर बस का आरोप
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बस की हालत काफी जर्जर थी, और उसकी शिकायत पहले भी कई बार की जा चुकी थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि हादसे के समय बस एक नाबालिग चला रहा था। इसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, और जांच जारी है।
स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनका आरोप है कि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, वाहन की तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घायल बच्चों को नैनीताल रोड स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। 13 घायल बच्चों में से 9 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि 4 बच्चों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है। -देवेश सिंह क्षेत्राधिकारी हाईवे, बरेली
