सपा सांसद डिंपल यादव बोलीं – गलत मुकदमों में फंसाए गए आजम खां, राममन्दिर चढ़ावा विवाद पर गरमाई सियासत, संसद में एकत्र चंदा दिल्ली के हुनमान मंदिर में चढ़ाया
नई दिल्ली/लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की भाजपा की कथित घोषणा को “चुनावी जुमला” बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के पास चुनाव जीतने के लिए अब “पैसे के अलावा कुछ नहीं बचा है।” वहीं, मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और जमीन घोटाले का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर आस्था के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। इसी बीच संसद परिसर में जुटाई गई दान राशि को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में चढ़ाकर समाजवादी पार्टी ने अपना विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
महिलाओं को 20 हजार देने की चर्चा पर अखिलेश का हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार यदि महिलाओं को आर्थिक सहायता देना चाहती थी, तो पिछले दस वर्षों में भी ऐसा कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।उनका आरोप है कि महिलाओं के अधिकारों का पैसा सरकारी प्रचार-प्रसार पर खर्च किया गया।उन्होंने दावा किया कि यदि 50 हजार रुपये प्रतिवर्ष की दर से देखा जाए तो पिछले दस वर्षों में महिलाओं के हिस्से का पांच लाख रुपये नहीं दिया गया और अब केवल 20 हजार रुपये देने की बात कही जा रही है। उन्होंने इसे चुनावी घोषणा बताते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर वर्ष 2027 से महिलाओं को 40 हजार रुपये प्रतिवर्ष से शुरुआत की जाएगी और इसमें हर वर्ष बढ़ोतरी होगी।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर भाजपा को घेरा

मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं और जमीन खरीद-फरोख्त के मामलों ने लोगों की आस्था को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद ही कथित चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस पूरे मामले में जवाब देने के बजाय लीपापोती की और लोगों की श्रद्धा के साथ विश्वासघात किया। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की।
संसद से हनुमान मंदिर तक पहुंचा विरोध

समाजवादी पार्टी ने संसद के मानसून सत्र के दौरान राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर लगातार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं के अनुसार इस दौरान संसद परिसर में रखी गई दानपेटी में विपक्षी सांसदों और अन्य लोगों के सहयोग से 2 लाख 15 हजार 490 रुपये एकत्र हुए। गुरुवार को सपा नेताओं ने यह राशि दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में चढ़ाई और इसकी रसीद भी प्राप्त करने का दावा किया। पार्टी का कहना है कि यह अभियान राम मंदिर चढ़ावा मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर प्रतीकात्मक विरोध था। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संसद सत्र के दौरान एकत्र हुई पूरी धनराशि हनुमान मंदिर में दान कर दी गई है। वहीं सांसद अक्षय यादव ने कहा कि जब तक कथित गड़बड़ी के दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक पार्टी यह मुद्दा जनता के बीच उठाती रहेगी।
चढ़ावा चोरी पर अखिलेश का तंज
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा “चढ़ावा -चंदा-दान चोर कहाँ मिलेंगे? ‘बीजेपी के दफ़्तर’ में! चोरी का हिसाब कहाँ मिलेगा?अनरजिस्टर्ड के रजिस्टर में!”इसके अलावा उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण की घटना की आलोचना करते हुए इसे सामाजिक भेदभाव का निकृष्ट उदाहरण बताया और कहा कि “मंच नहीं, कलुषित मानसिकता का शुद्धीकरण होना चाहिए।”
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
