बरेली/शाही : स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत मंगलवार को बरेली जनपद में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। एक ओर शाही नगर में गांधी इंटर कॉलेज से हजारों छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, तो वहीं दूसरी ओर इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय तिरंगा पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन कर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच दिया गया। सुबह करीब 10 बजे गांधी इंटर कॉलेज, शाही से शुरू हुई पैदल तिरंगा यात्रा को मीरगंज विधायक डी.सी. वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और कार्यकर्ता नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “अमर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जबकि डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक जोशीला बना दिया।
छात्रों ने निकाली यात्रा

यात्रा में गांधी इंटर कॉलेज, प्रताप इंटर कॉलेज और सरस्वती खिलौना बाबा मंदिर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी और मंडल अध्यक्ष अनुरोध सिंह सहित कार्यकर्ताओं की कई दिनों की तैयारियां अहम रहीं। यात्रा में जिला मंत्री शिवम शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष रोहित शर्मा, प्रधानाचार्य अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंडल प्रभारी अंकित माहेश्वरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन,बान और शान का प्रतीक है तथा इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम और अमर शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना है। विधायक डॉ.डी.सी. वर्मा ने भी यात्रा की भव्यता और अनुशासित आयोजन की सराहना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं और आयोजकों की प्रशंसा की।
प्रताप इंटर कॉलेज में समापन

यात्रा का समापन प्रताप इंटर कॉलेज में हुआ, जहां प्रबंधक देवेश शर्मा उर्फ अंशु शर्मा ने छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं के लिए जलपान की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। इधर, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय तिरंगा पोस्टर प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
रानी प्रथम, रहनुमा ने जीता द्वितीय खिताब

पोस्टर प्रतियोगिता में द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज की रानी ने प्रथम, कस्तूरबा कन्या इंटर कॉलेज की रहनुमा ने द्वितीय तथा द्रोपदी कन्या इंटर कॉलेज की पावनी खन्ना और इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की अमरीन अंसारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की फलक नाज़ प्रथम, कांति कपूर गर्ल्स इंटर कॉलेज की हिमांशी द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अदीबा तृतीय स्थान पर रहीं।जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में बढ़-चढ़कर भाग लें और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाएं।
