एआईसीसी और यूपी कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बूथ से लेकर वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बरेली : आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने बरेली में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक बरेली पहुंचे। यहां जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संगठन सर्जन अभियान की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 100 से अधिक इच्छुक नेताओं ने आवेदन पत्र प्राप्त किए। जिसके चलते संगठनात्मक चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जगतपुर स्थित ए.पी. लॉन में आयोजित बैठक में एआईसीसी के पर्यवेक्षक जयेंद्र रमोला, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक हाजी इकराम कुरैशी और शिवाशीष तिवारी तथा जिला एवं महानगर कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर अनूप वर्मा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
संगठन विस्तार पर चर्चा
बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।एआईसीसी पर्यवेक्षक जयेंद्र रमोला ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में एक डिजिटल पोर्टल शुरू किया है। इस पर संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के काम की नियमित समीक्षा होगी। सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनकी मेहनत के आधार पर संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।
मजबूत संगठन ही पार्टी की बड़ी ताकत
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षक हाजी इकराम कुरैशी ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होता है। संगठन सर्जन अभियान के माध्यम से बूथ, वार्ड और ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रखने के लिए समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कोऑर्डिनेटर अनूप वर्मा ने कहा कि यह अभियान युवाओं और लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर देगा। वहीं पर्यवेक्षक शिवाशीष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।
100 से अधिक आवेदन
जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी जिया उर रहमान ने बताया कि जिला और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 100 से अधिक नेताओं ने आवेदन पत्र प्राप्त किए हैं, जिन्हें 13 अगस्त तक जमा करना है। पर्यवेक्षकों ने सभी दावेदारों से अलग-अलग बातचीत कर उनके विचार भी सुने। बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान जिला अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने की, जबकि संचालन निवर्तमान महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संगठन सर्जन अभियान के जरिए कांग्रेस अब बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट गई है।
