दुल्हैडा चुंगी पहुंचकर मुख्यमंत्री ने हरिद्वार से लौट रहे शिवभक्तों पर बरसाए फूल, कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में दिखी चूक
मेरठ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को करीब 30 मिनट के दौरे पर मेरठ पहुंचे। मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर उतरा। इसके बाद वह कार से दुल्हैडा चुंगी पहुंचे, जहां उन्होंने हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
शोभित विश्वविद्यालय से दुल्हैडा चुंगी पहुंचे सीएम योगी
मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर सुबह करीब 12:22 बजे मोदीपुरम स्थित शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री कार द्वारा दुल्हैडा चुंगी स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। कार्यक्रम स्थल दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के पास बनाया गया था। मुख्यमंत्री ने यहां हरिद्वार से कांवड़ लेकर वापस लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। इसके बाद वह वापस शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। यहां से उनका राजकीय हेलिकॉप्टर गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ।
कांवड़ियों पर बरसाए फूल
कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ दौरा काफी अहम माना जा रहा था। दुल्हैडा चुंगी पर मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन लगातार मार्गों पर निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी कांवड़ मार्ग पर यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारी लगातार सक्रिय रहे।
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से लेकर दुल्हैडा चुंगी तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी थी। कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर भी पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई थी।
सीएम योगी के कार्यक्रम में बिना अनुमति ड्रोन से हड़कंप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान उस समय सुरक्षा में हड़कंप मच गया, जब मंच के सामने आसमान में एक ड्रोन काफी देर तक उड़ता दिखाई दिया। बताया गया कि ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं थी। मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल ड्रोन संचालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर ड्रोन संचालक की पहचान करने का प्रयास किया।
माइक से कराया गया ड्रोन नीचे उतारने का ऐलान
ड्रोन दिखाई देने के बाद कार्यक्रम स्थल पर लगे माइक से लगातार घोषणा कराई गई कि जिस व्यक्ति ने ड्रोन उड़ाया है, वह तत्काल उसे नीचे उतार ले। घोषणा के कुछ देर बाद ड्रोन को नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी।
