पीसीएस अभ्यर्थियों से मुलाकात कर अतिरिक्त अवसर का भरोसा, रोजगार-शिक्षा और एक्सप्रेसवे से लेकर विज्ञापन खर्च तक भाजपा सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को लखनऊ में पीसीएस, आरओ/एआरओ और बीईओ परीक्षा की तैयारी कर रहे उन अभ्यर्थियों से मुलाकात की, जो कोरोना काल, पाठ्यक्रम में बदलाव और नई भर्ती नियमावली के कारण आयु सीमा पार कर चुके हैं। अभ्यर्थियों ने पीसीएस में दो अतिरिक्त अवसर तथा आरओ/एआरओ और बीईओ परीक्षा में एक अतिरिक्त अवसर देने की मांग रखी। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा और पार्टी युवाओं के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। इसी दौरान सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर हमला बोला।
बजट बढ़ने के बाद भी जनता को नहीं राहत
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का बजट बढ़ने के बावजूद आम जनता को राहत नहीं मिली और बाजार पर बड़े समूहों का कब्जा बढ़ता जा रहा है। अखिलेश यादव ने एक्सप्रेसवे निर्माण को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने कम लागत और बेहतर गुणवत्ता वाले एक्सप्रेसवे बनाए थे, जबकि मौजूदा सरकार के कई सड़क और एक्सप्रेसवे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि 7000 करोड़ रुपये शिक्षा पर खर्च किए जाएं तो 2 से 3 विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय बनाए जा सकते हैं, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।
अपनी छवि चमकाने पर खर्च किए 7000 करोड़
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने जनता के टैक्स के लगभग 7000 करोड़ रुपये अपनी छवि चमकाने पर खर्च किए हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की प्राथमिक जरूरतों-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और किसानों के हित-के मुकाबले अनुचित बताया। साथ ही कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसानों के लिए ठोस योजनाएं लागू करेगी। इसके अलावा अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से भी भाजपा सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने सरकार के विकास मॉडल, भ्रष्टाचार, सड़क निर्माण और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए तथा 15 अगस्त से प्रस्तावित ‘पीडीए शिखर अभियान’ का भी ऐलान किया, जिसके तहत हिमाचल प्रदेश की माउंट यूनाम चोटी पर पीडीए का परचम फहराने की बात कही गई।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
