बरेली : उर्स-ए-रज़वी के अवसर पर दरगाह आला हज़रत की ओर से इस बार धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) की सरपरस्ती में दो दिवसीय मेगा हेल्थ शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से मुफ्त परामर्श, विभिन्न रोगों की मुफ्त जांच, ईसीजी, दवाएं और जरूरतमंद मरीजों के लिए निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण और पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
30 जुलाई को दरगाह परिसर में पहला हेल्थ कैंप
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि पहला हेल्थ शिविर 30 जुलाई (गुरुवार) को मदरसा मंज़र-ए-इस्लाम, दरगाह आला हज़रत परिसर में दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में श्री गंगा चरण आर्यवर्धन अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ. शकील अहमद, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मोहम्मद अकीक (एमडी मेडिसिन) और डॉ. रियाज़ मरीजों का मुफ्त परामर्श देंगे। साथ ही शुगर और ईसीजी की निशुल्क जांच भी की जाएगी।
2 अगस्त को होगा बड़ा मेगा हेल्थ कैंप

दूसरा मेगा हेल्थ शिविर 2 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक बाकरगंज स्थित हसीन मियां शादी हॉल में मरकज़-ए-अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्घाटन सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां और ट्रस्ट के अध्यक्ष अल्हाज मोहसिन हसन खान संयुक्त रूप से करेंगे। इस शिविर में डॉ. संजीव कुमार (शुगर एवं थायरॉयड), डॉ. अक्षत बॉस (नेत्र रोग), डॉ. उवैस अहमद (फिजिशियन), डॉ. पवन शर्मा (दंत रोग), डॉ. अनीता शर्मा (स्त्री रोग), डॉ. मोहम्मद अफ़रोज़ (फिजियोथैरेपिस्ट) तथा नेत्र परीक्षक जितेंद्र सिंह अपनी सेवाएं देंगे।
जरूरतमंद मरीजों के होंगे मुफ्त ऑपरेशन
शिविर में पथरी, हार्निया, बच्चेदानी, हड्डी समेत अन्य ऑपरेशन योग्य मरीजों का चयन किया जाएगा। आयुष्मान कार्डधारकों का इलाज आयुष्मान योजना के तहत कराया जाएगा, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर और आयुष्मान कार्ड से वंचित मरीजों के ऑपरेशन दरगाह की ओर से मिनी बाईपास स्थित फैय्याज हॉस्पिटल में सर्जन डॉ. महेश चंद्रा द्वारा निशुल्क कराए जाएंगे। वहीं मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन राजेंद्र नगर स्थित कैलाश आई लेजर हॉस्पिटल में डॉ. अक्षत बॉस द्वारा किए जाएंगे।
मुफ्त होंगी कई महत्वपूर्ण जांचें
हेल्थ कैंप में थायरॉयड प्रोफाइल (टी3, टी4, टीएसएच),कैल्शियम, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, शुगर और हीमोग्लोबिन समेत कई जरूरी जांचें पूरी तरह निशुल्क की जाएंगी। शिविर में किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा और सभी चिकित्सा सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध रहेंगी।
पर्यावरण संरक्षण का भी दिया जाएगा संदेश
उर्स-ए-रज़वी के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही लोगों को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जाएगा। दरगाह प्रबंधन का कहना है कि उर्स केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रहकर समाजसेवा और जनकल्याण का भी माध्यम बने, यही इस पहल का उद्देश्य है।
