पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता को बढ़ावा देने की पहल, ट्रेंचिंग ग्राउंड क्षेत्र को बनाया जाएगा हरित एवं जैव-विविधता समृद्ध क्षेत्र
बरेली: पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैंटोनमेंट बोर्ड, बरेली ने ट्रेंचिंग ग्राउंड के निकट सघन वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया। अभियान के तहत लगभग 100 विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इनमें छायादार, फलदार और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधों को शामिल किया गया।
इस अभियान की विशेष पहल के तहत प्रत्येक पौधे पर उस व्यक्ति के नाम का टैग लगाया जाएगा, जिसने संबंधित पौधा लगाया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है, ताकि रोपण करने वाला व्यक्ति अपने पौधे की देखभाल के लिए प्रेरित रहे।
मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य ट्रेंचिंग ग्राउंड क्षेत्र को चरणबद्ध तरीके से हरित, जैव-विविधता समृद्ध और पर्यावरण-अनुकूल क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। यह पहल बरेली कैंटोनमेंट को कार्बन-नेगेटिव कैंटोनमेंट बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक “एक व्यक्ति–एक वृक्ष–एक जिम्मेदारी” के संकल्प के साथ अपने लगाए हुए पौधे की देखभाल करे, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य अधिक प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधों पर रोपणकर्ता का नाम अंकित होने से उनमें अपनत्व और उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी, जिससे पौधों के जीवित रहने की संभावना भी बढ़ेगी।
कैंटोनमेंट बोर्ड, बरेली ने कहा कि भविष्य में भी जनसहभागिता आधारित ऐसे पर्यावरणीय कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई है।