तीन माह की बच्ची का इलाज कराकर लौट रहा था परिवार, बारिश और धुंध के बीच अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाहड़ के समीप एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार कराने के बाद घर लौट रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और रात के अंधेरे के कारण बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया।
डलहौजी के एसडीएम अनिल भारद्वाज ने पुष्टि की कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय इलाके में लगातार बारिश हो रही थी और घना कोहरा छाया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि खराब दृश्यता और फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने, मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है।