बिजली के पोल कराए जा रहे कवर, सीसीटीवी निगरानी और डायल-112 की जानकारी वाले बैनरों से शिवभक्तों को किया जा रहा जागरूक
मुरादाबाद: सावन मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए मुरादाबाद पुलिस लगातार नई पहल कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देश पर कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए हाईवे पर लगे विद्युत पोलों को विशेष सुरक्षा कवर से ढका जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस पहल से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।
कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह ऐसे बैनर लगाए गए हैं जिन पर लिखा है कि “आप सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हैं।” इन बैनरों का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखना है।

मुरादाबाद पुलिस द्वारा हाईवे पर “नंबर एक, 112 सेवा अनेक” जैसे जनजागरूकता बैनर भी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से शिवभक्तों को आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने की जानकारी दी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के नेतृत्व में मुरादाबाद पुलिस कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सके।