ओडेसा बंदरगाह पर व्यापारिक जहाज पर हमले के बाद दो भारतीय क्रू मेंबर लापता, बरेली के भरतौल गांव निवासी दीपक कुमार का अब तक नहीं चला पता, परिजन लगातार अधिकारियों से संपर्क में
बरेली : यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर भारतीय क्रू मेंबर वाले एक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले के बाद उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भरतौल गांव निवासी दीपक कुमार गुप्ता के लापता होने की सूचना से परिवार में चिंता का माहौल है। चालक दल के दो भारतीय सदस्य लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें दीपक कुमार भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन लगातार संबंधित अधिकारियों और जहाज संचालित करने वाली कंपनी के संपर्क में हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को ओडेसा बंदरगाह पर व्यापारिक जहाज ‘एमवी एजीन रेंजर’ पर हमला हुआ। हमले के बाद चालक दल के दो भारतीय सदस्यों का संपर्क टूट गया।
परिजन दिल्ली ऑफिस रवाना
रविवार रात दीपक के परिजनों को उनके लापता होने की सूचना मिली। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। दीपक कुमार बरेली के भरतौल गांव के रहने।वाले हैं। उनके बड़े भाई संजीव गुप्ता सोमवार सुबह जहाज।भेजने वाली कंपनी के दिल्ली स्थित कार्यालय के लिए रवाना हो गए, ताकि घटना से जुड़ी अधिक जानकारी प्राप्त की जा सके। परिवार को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं। दीपक के मित्र मनु चौधरी ने गांव की प्रधान प्रवेश देवी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्राम प्रधान ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार को मामले से अवगत कराया। बताया गया कि राज्यपाल ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
दीपक के पिता उद्धव कुमार सेना से रिटायर
परिवार मूल रूप से बिहार के सिवान जिले का रहने वाला है।दीपक के पिता उद्धव कुमार गुप्ता सेना से नायब सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में सिवान पुलिस में सिपाही के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें जहाज के स्टाफ की ओर से फोन पर सूचना दी गई थी, लेकिन अभी तक दीपक के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दीपक के पिता ने बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद जताते हुए कहा कि पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। परिजन लगातार संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं और उन्हें विश्वास है कि जल्द ही दीपक तथा दूसरे लापता भारतीय क्रू मेंबर के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
