बिहार बंद के दौरान कई जिलों में प्रदर्शन, कहीं लाठीचार्ज तो कहीं तोड़फोड़, पटना में तेज प्रताप यादव को पुलिस ने लिया हिरासत में
पटना: बिहार बंद के दौरान शनिवार को राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन, नारेबाजी और कुछ स्थानों पर हिंसक घटनाएं देखने को मिलीं। राजधानी पटना में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं सीवान, सीतामढ़ी और शिवहर में प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रशासन ने सभी जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए।
सीवान में लाठीचार्ज, पत्थरबाजी से मची अफरा-तफरी
सीवान में छात्र गांधी मैदान की ओर बढ़ रहे थे, जहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच बहस के बाद स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद भगदड़ मच गई। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे दरबार रोड इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और दुकानों के शटर बंद होने लगे।
सीतामढ़ी में भाजपा नेता की गाड़ी में तोड़फोड़
सीतामढ़ी में प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने भाजपा नेता की स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाते हुए उसमें जमकर तोड़फोड़ की। प्रशासन की अपील के बावजूद प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया।
पटना में तेज प्रताप यादव हिरासत में
राजधानी पटना में प्रदर्शन के दौरान जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अपने समर्थकों के साथ विरोध मार्च में शामिल होने निकले थे। पटना जंक्शन के पास पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया। इसके बाद समर्थकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास भी बड़ी संख्या में छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करते नजर आए।
शिवहर, सहरसा और किशनगंज में मिला-जुला असर
शिवहर में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के समर्थकों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सहरसा में छात्र संगठनों ने मार्च निकालकर परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं किशनगंज में बंद का असर सीमित रहा। अधिकांश बाजार खुले रहे, हालांकि कई स्थानों पर छात्रों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बिहार बंद को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। प्रमुख शहरों, रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
