पार्क की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत के बाद BDA ने जारी किया था ध्वस्तीकरण आदेश, सीओ, मजिस्ट्रेट, पुलिस और पीएसी सुबह से रहे मौके पर मौजूद
बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मौलानगर में पार्क की भूमि पर बनी बताई जा रही कामधेनु गौशाला पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुक्रवार को नहीं हो सकी। प्रशासन और पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन कार्रवाई करने वाली बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की टीम निर्धारित समय पर मौके पर नहीं पहुंची। करीब दो घंटे तक इंतजार के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला वापस लौट गया।
पार्क की जमीन पर कब्जे की शिकायत
जानकारी के अनुसार मौलानगर में संचालित कामधेनु गौशाला लगभग 500 वर्गगज क्षेत्र में बनी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह निर्माण सार्वजनिक पार्क की भूमि पर किया गया है। शिकायत मिलने के बाद BDA ने जांच कराई और जांच रिपोर्ट के आधार पर ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
संभावित विरोध को देखते हुए BDA ने पहले ही पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह प्रेमनगर थाना पुलिस, एक कंपनी पीएसी,सीओ सिटी आशुतोष शिवम और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और आसपास पुलिस बल तैनात रहा।
टीम नहीं पहुंची, कार्रवाई टली
करीब दो घंटे तक अधिकारी BDA की टीम का इंतजार करते रहे, लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई स्थगित कर दी गई और पुलिस व पीएसी को वापस बुला लिया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क की भूमि पर निर्माण होने से सार्वजनिक उपयोग की जगह प्रभावित हुई है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि BDA के अगले कार्यक्रम के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई टलने के बाद क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
