डॉक्टर का घर समझा सुनसान, लाखों के सामान पर थी नजर, अलमारी तोड़ते समय हुई आहट, 50 हजार रुपये लेकर फरार
बरेली : शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। शातिर चोर आधुनिक वाहन नहीं, बल्कि देसी अंदाज में घोड़ा-तांगा लेकर एक डॉक्टर के बंद मकान में चोरी करने पहुंचे। चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली और कीमती सामान समेटने की तैयारी कर ली,लेकिन पड़ोसियों की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। खुद को चारों ओर से घिरता देख आरोपी पड़ोसी के मकान की दीवार काटकर फरार हो गए। भागते समय वे अपनी चप्पल और घोड़ा-तांगा भी मौके पर छोड़ गए।
सहारनपुर में तैनात हैं डॉक्टर धर्मराज मानु
शहर के जाग्रति नगर, बदायूं रोड निवासी डॉ. धर्मराज मानु वर्तमान में सहारनपुर के सेठ वलछेव दास वजेरिया सरकारी जिला अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह ड्यूटी पर सहारनपुर में थे। बुधवार रात करीब 9:30 बजे पड़ोसियों ने फोन कर उनके घर में चोरी होने की सूचना दी।
सुनसान घर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार चोरों को पहले से पता था कि घर में कोई मौजूद नहीं है। वे सफेद-भूरे रंग के घोड़े से जुड़े तांगे पर सवार होकर पहुंचे और उसे घर के बाहर खड़ा कर दिया। इसके बाद आराम से घर में घुसकर एक-एक कमरे की तलाशी ली। चोरों ने घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बर्तन और अन्य कीमती वस्तुओं को एक जगह इकट्ठा कर लिया ताकि आसानी से तांगे में लादकर ले जा सकें।
अलमारी तोड़ते समय खुली पोल
चोरी के दौरान जब आरोपी अलमारी का ताला तोड़ने लगे तो तेज आवाज होने लगी। खटपट सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घर के बाहर खड़ा तांगा देखकर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने घर को घेरना शुरू कर दिया।
दीवार काटकर फरार, 50 हजार रुपये ले गए
खुद को घिरता देख चोरों ने पड़ोसी के मकान की दीवार काटकर भागने का रास्ता बनाया। जल्दबाजी में वे करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए, जबकि अपनी चप्पल और घोड़ा-तांगा मौके पर ही छोड़ गए।
मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
अगले दिन डॉ. धर्मराज घर पहुंचे तो सामान बिखरा मिला। उन्होंने सुभाषनगर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया आरोपी स्थानीय क्षेत्र के प्रतीत हो रहे हैं। बरामद घोड़ा और तांगा को करगैना चौकी पर सुरक्षित रखा गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
