दिल्ली पुलिस ने संसद मार्च हिंसा में कार्रवाई तेज की, मेदांता अस्पताल पहुंचे विपक्षी सांसद, वांगचुक ने अनशन खत्म करने के लिए सरकार के सामने रखी शर्त
नई दिल्ली: सीजेपी के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक 10 एफआईआर दर्ज कर ली हैं। पुलिस के अनुसार पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में चार, कनॉट प्लेस में तीन तथा मंदिर मार्ग, बाराखंबा रोड और कर्तव्य पथ थानों में एक-एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हिंसा से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।
सोनम वांगचुक से मिले विपक्षी सांसद
गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के सांसद संजय यादव समेत करीब 20 सांसद शामिल रहे। सांसद अपने साथ 51 सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र लेकर पहुंचे और वांगचुक से अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने की अपील की।
अनशन खत्म करने के लिए रखी शर्त
सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह को लिखे पत्र में कहा कि यदि सरकार यह स्पष्ट आश्वासन देती है कि आंदोलन में शामिल किसी भी युवा प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई दंडात्मक या प्रतिशोधात्मक कानूनी कार्रवाई नहीं होगी, तो वह अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर देंगे। अन्यथा उनका अनशन जारी रहेगा।
लुटियंस दिल्ली में इंटरनेट सेवा बंद
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच एहतियातन लुटियंस दिल्ली क्षेत्र में अगले आदेश तक इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर भी विवाद
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया कि उसका आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने इसके लिए केंद्र सरकार पर आरोप लगाए। हालांकि कुछ देर बाद इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा सक्रिय हो गया और सेवा बहाल हो गई।
