युद्ध वीरांगनाओं के पुत्रों, पूर्व सैनिकों के आश्रितों और खिलाड़ियों को मिलेगा मौका, सुबह 7 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश
बरेली : जाट रेजिमेंट सेंटर (जेआरसी) बरेली में यूनिट मुख्यालय (यूएचक्यू) कोटा के तहत 6 से 13 अगस्त 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, ट्रेड्समैन, स्पोर्ट्स और क्लर्क पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु ने मीडिया को बताया कि भर्ती युद्ध वीरांगनाओं के पुत्रों, पूर्व एवं सेवारत सैनिकों के आश्रितों तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों सहित निर्धारित पात्र अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
सुबह 4 बजे रिपोर्टिंग, 7 बजे के बाद प्रवेश नहीं

भर्ती में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्रों और आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 4 बजे जाट गेट पर रिपोर्ट करना होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुबह 7 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जाट रेजिमेंट सेंटर के भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
जानिए किस दिन किस पद और किन अभ्यर्थियों की होगी भर्ती

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को स्पोर्ट्स ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों तथा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को छोड़कर अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर स्पोर्ट्स एवं जनरल ड्यूटी भर्ती होगी। 7 अगस्त को हरियाणा के निर्धारित जिलों के अभ्यर्थियों की जनरल ड्यूटी भर्ती आयोजित होगी। 8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पहले समूह के जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि 10 अगस्त को बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत उत्तर प्रदेश के दूसरे समूह के जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 11 अगस्त को राजस्थान के निर्धारित जिलों के अभ्यर्थियों की जनरल ड्यूटी भर्ती होगी। 12 अगस्त को सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन पद की भर्ती आयोजित की जाएगी। वहीं 13 अगस्त को जाट रेजिमेंट के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क पद की भर्ती होगी।
दस्तावेज पूरे रखें, समय का विशेष ध्यान दें
भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर पहुंचने और सभी आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाने की अपील की है। समय सीमा के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
