यूनिवर्सिटी को तोड़ने के बजाय सरकार अपने अधीन ले, छात्रों का भविष्य सुरक्षित करने की मांग
मुरादाबाद: जौहर यूनिवर्सिटी प्रकरण को लेकर मंगलवार को रामपुर के कई दर्जन लोग मुरादाबाद मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सरकार यूनिवर्सिटी की इमारतों को ध्वस्त करने के बजाय उसका अधिग्रहण कर अपने नियंत्रण में ले, ताकि वहां पढ़ने वाले छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
सरकार अपने अधीन ले यूनिवर्सिटी
ज्ञापन में मांग की गई कि जिस प्रकार मदन मोहन मालवीय विश्वविद्यालय को सरकार के अधीन लिया गया था, उसी तर्ज पर जौहर यूनिवर्सिटी का भी अधिग्रहण किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा।
छात्रों के हितों का रखा हवाला
ज्ञापन देने पहुंचे लोगों ने कहा कि यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत छात्रों की पढ़ाई और भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उनका कहना था कि संस्थान को बंद या ध्वस्त करने के बजाय सरकारी नियंत्रण में संचालित किया जाए।
कमिश्नर के माध्यम से सरकार तक पहुंचाई मांग
प्रदर्शनकारियों ने मंडलायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कदम शिक्षा और छात्रों के हित में होगा।
