मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे ने शुरू किया रिस्टोरेशन अभियान दिल्ली-गाजियाबाद सेक्शन पर रेल यातायात बाधित, कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित
गाजियाबाद/बरेली : उत्तर रेलवे (एनआर) के गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक मालगाड़ी (गुड्स ट्रेन) के छह डिब्बे पटरी से उतर जाने से दिल्ली-गाजियाबाद रेलखंड पर रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे के बाद रेलवे ने प्रभावित ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही तत्काल रोक दी और राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया। इस कारण दिल्ली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और शाहजहांपुर की ओर आने-जाने वाली कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन रद्द और कुछ का मार्ग परिवर्तित किया गया।
ट्रैक से ट्रेन संचालन बंद

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मालगाड़ी के छह वैगन डिरेल होने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। मौके पर इंजीनियरिंग, परिचालन और राहत दलों को भेजा गया,जिन्होंने पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया।
लखनऊ मेल समेत तमाम ट्रेन प्रभावित
इस घटना का असर उत्तर रेलवे के व्यस्त दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर देखने को मिला। बरेली, मुरादाबाद और शाहजहांपुर से होकर गुजरने वाली कई एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई स्टेशनों पर ट्रेनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके साथ लखनऊ मेल, लखनऊ दिल्ली एसी सुपरफास्ट आदि ट्रेनों को रोक दिया गया है।
ट्रेन स्टेट्स देखकर घर से निकलें
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस अवश्य जांच लें। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक बहाल होने के बाद चरणबद्ध तरीके से रेल संचालन सामान्य किया जाएगा। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
