इस्लामनगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, सुंदरनगर डकैती कांड का वांछित आरोपी दबोचा गया
बदायूं: इस्लामनगर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी शातिर बदमाश तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सुंदरनगर डकैती कांड में वांछित चल रहा था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, डकैती से संबंधित 11,220 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक तस्लीम उर्फ भिखारी के खिलाफ बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर जिलों में डकैती, हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।