बरेली में सपा की मंडल स्तरीय बैठक में ब्राह्मण समाज को साधने की कवायद, नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाए उत्पीड़न, पेपर लीक और बेरोजगारी के आरोप
बरेली : समाजवादी पार्टी ने आगामी राजनीतिक रणनीति के तहत ब्राह्मण समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शुक्रवार को बरेली स्थित पार्टी कार्यालय में ब्राह्मण समाज से जुड़े समाजवादी पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों की मंडल स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक के मुख्य अतिथि बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने और संचालन महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। बैठक में वक्ताओं ने ब्राह्मण समाज के सम्मान, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
लखनऊ में 5 अगस्त को छोटे लोहिया की जयंती
इसके साथ ही आगामी 5 अगस्त को लखनऊ में समाजवादी विचारक ‘छोटे लोहिया’ स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती को भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया।’ब्राह्मण समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करेगी सपा’ मुख्य अतिथि सांसद सनातन पांडे ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सभी वर्गों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
यूपी में ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न की बढ़ीं घटनाएं
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में ब्राह्मण समाज के उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं और अन्याय व भेदभाव के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने की जरूरत है। ब्राह्मण समाज समाजवादी विचारधारा का स्वाभाविक साथी’ सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ब्राह्मण समाज के सम्मान, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाजवादी आंदोलन सामाजिक न्याय, भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा का प्रतीक है तथा ब्राह्मण समाज ने हमेशा समाज और राष्ट्र को दिशा देने का कार्य किया है।
भाजपा सरकार पर लगाए कई आरोप
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष तनवीर खां और पीलीभीत के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और प्रदेश में बदलाव की जरूरत है।
ब्राह्मण समाज के लोगों का सम्मान, नए सदस्य शामिल
कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. पारितोष शर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा वरिष्ठ सपाइयों डॉ. राजेश पाराशरी और मुकेश पांडे का भी स्वागत किया गया। सांसद सनातन पांडे का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। बैठक में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसमें पार्टी नेताओं ने 5 अगस्त को लखनऊ में आयोजित जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया।
