मुरादाबाद : पुलिस ने नकली कॉपर वायर बेचकर कबाड़ी कारोबारियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी असली कॉपर वायर स्क्रैप बताकर सीमेंट से भरे नकली तार बेचते थे और कारोबारियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकली कॉपर वायर स्क्रैप, दो कारें, अवैध हथियार, फर्जी आधार कार्ड और नकदी बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्क्रैप कारोबारियों में भी राहत का माहौल है।
5 लाख 30 हजार में बेचा था नकली कॉपर वायर स्क्रैप
पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर निवासी एक स्क्रैप कारोबारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने खुद को यूपीपीसीएल का ठेकेदार बताकर उसे करीब 1200 किलो कॉपर वायर स्क्रैप बेचा था। आरोपियों ने इस माल की कीमत करीब 5 लाख 30 हजार रुपये बताई थी। कारोबारी ने जब वायर की जांच कराई तो पूरा मामला खुल गया। जांच में सामने आया कि तारों के ऊपर सिर्फ तांबे की पतली परत चढ़ी हुई थी, जबकि अंदर सीमेंट भरा हुआ था। पूरे माल में केवल करीब 20 किलो ही असली कॉपर निकला, जबकि बाकी पूरा स्क्रैप नकली था।
निर्माण स्थलों से चोरी कर तैयार करते थे नकली वायर
मुरादाबाद पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने ठगी के पूरे तरीके का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वे निर्माणाधीन फैक्ट्रियों और भवनों से कॉपर वायर चोरी करते थे। इसके बाद वायर के अंदर मौजूद असली तांबे को निकालकर उसमें सीमेंट भर देते थे। दोनों सिरों पर थोड़ा असली तांबा लगाकर उसे इस तरह तैयार करते थे कि देखने में वह असली कॉपर वायर जैसा लगे। इसके बाद आरोपी इसे महंगे दामों पर कबाड़ी कारोबारियों को बेच देते थे और लाखों रुपये की ठगी करते थे।
पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, हथियार और फर्जी दस्तावेज बरामद
मामले की जांच के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने अगवानपुर रोड स्थित निर्माणाधीन बाईपास पुल के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूरा अली, जाने आलम और इकबाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो कारों में भरा 128 बंडल नकली कॉपर वायर स्क्रैप बरामद किया है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो असली और तीन फर्जी आधार कार्ड तथा नकदी भी बरामद की गई है।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ मुरादाबाद, बाराबंकी और बदायूं समेत कई जिलों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि ठगी के इस तरीके से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। मुरादाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से नकली स्क्रैप के कारोबार पर लगाम लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
