सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां बोले-जायरीन के ठहरने और लंगर में बढ़-चढ़कर करें सहयोग, 23 जुलाई को होगी अगली समीक्षा बैठक
बरेली : 108वें उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। दरगाह आला हज़रत में उर्स को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। शुक्रवार को दरगाह मुख्यालय पर टीटीएस(तंजीम-ए-तहरीक-ए-सुन्नियत) के रज़ाकारों और विभिन्न लंगर कमेटियों के जिम्मेदारों की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती में हुई। इसकी अध्यक्षता सज्जादानशीन बदरूश्शरिया मुफ्ती अहसन मियां ने की। बैठक में उर्स के दौरान देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीन की सुविधा, आवास, भोजन, लंगर और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि आधिकारिक उर्स-ए-रज़वी इस्लामिया मैदान में आयोजित होता है और उर्स की सभी रस्में दरगाह व इस्लामिया मैदान में सय्यद आसिफ मियां की निगरानी में अदा की जाएंगी।
घरों, मदरसों, शादी हॉल और मेहमानखानों में ठहराएं जायरीन
उन्होंने कहा कि उर्स में दुनिया भर से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचते हैं। ऐसे में केवल दरगाह इंतेजामिया और जिला प्रशासन के संसाधन पर्याप्त नहीं होते। इसलिए उन्होंने बरेली के।शहरवासियों से अपील की कि वे हर वर्ष की तरह इस बार भी बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने घरों, मदरसों, शादी हॉल और मेहमानखानों में जायरीन के ठहरने की व्यवस्था करें तथा लंगर में बढ़-चढ़कर सहयोग दें।
लंगर कमेटी के जिम्मेदार भी हुए शामिल
बैठक में टीटीएस के वरिष्ठ सदस्य परवेज़ नूरी और औरंगजेब नूरी ने विशेष रूप से किला, मलूकपुर, जखीरा, पुराना शहर, बाकरगंज, जसौली और कंघी टोला सहित मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक जायरीन के ठहरने की व्यवस्था करने की अपील की। वहीं शाहिद नूरी और अजमल नूरी ने बताया कि इस्लामिया मैदान से दरगाह तक उर्स की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि बैठक में टीटीएस वालंटियर्स और जिले भर की विभिन्न लंगर कमेटियों के जिम्मेदार शामिल हुए।
उर्स की तैयारियों को समीक्षा बैठक 23 को
उर्स -ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर अगली बैठक 23 जुलाई (जुमेरात) को दरगाह आला हज़रत में आयोजित की जाएगी।बैठक में मुफ्ती सलीम नूरी, मौलाना जाहिद रज़ा, मौलाना बशीर उल क़ादरी, मौलाना शाहनवाज़ आलम, राशिद अली खान, ताहिर अल्वी, मुजाहिद बेग, मंजूर रज़ा, अब्दुल माजिद रज़ा समेत बड़ी संख्या में टीटीएस पदाधिकारी, वालंटियर्स और विभिन्न लंगर कमेटियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
