जमीन और विवाद के बीच हुई कहासुनी ने लिया खूनी रूप, आरोपी मौके से फरार
बदायूं: कादरचौक थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शराब के नशे में धुत किसान वीर सिंह ने अपने भांजे आकाश की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। बेटे को बचाने पहुंची बहन संतोषी पर भी उसने फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे वीर सिंह और उसके भांजे आकाश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। पहले परिवार ने इसे सामान्य विवाद समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन कुछ ही देर में दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताया गया कि आकाश लाठी लेकर आया, जिसके बाद वीर सिंह कमरे से तमंचा निकाल लाया और उसने आकाश के पेट में गोली मार दी।
गोली लगते ही आकाश खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर उसकी मां संतोषी दौड़कर पहुंचीं और बेटे को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने उन पर भी गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल संतोषी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, संतोषी की शादी करीब 25 वर्ष पहले कासगंज जिले में हुई थी। पति से अलगाव के बाद वह मायके भगतपुर आ गई थीं। उन्होंने यहां जमीन खरीदकर मकान बनवाया था और उनका बेटा आकाश खेती का काम करता था।
घटना के बाद आरोपी वीर सिंह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए विवाद का है। भांजे की गोली मारकर हत्या की गई है, जबकि मृतक की मां गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
रिपोर्ट: राजा खान, बदायूं