फरीदपुर में सपा कार्यकर्ताओं की बैठक में बोले श्याम लाल पाल, आरक्षण, पंचायत चुनाव और राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर सरकार पर साधा निशाना
बरेली: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बुधवार को बरेली के फरीदपुर में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है तथा सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत फैसले ले रही है। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की आगामी रणनीति और वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
‘पीडीए वर्ग के साथ हुआ विश्वासघात’
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ वर्तमान सरकार को सत्ता तक पहुंचाया था, लेकिन आज वही वर्ग अपने अधिकारों और आरक्षण को लेकर खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आरक्षण और संवैधानिक अधिकारों पर लगातार प्रहार कर रही है।
2027 का चुनाव लोकतंत्र के लिए अहम
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होगा। उनका आरोप था कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और जनता को इसका जवाब चुनाव में देना होगा।
पंचायत चुनाव और प्रशासकों की नियुक्ति पर सवाल
उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई स्थानों पर पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद समय पर चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं। उनकी जगह प्रशासकों की नियुक्ति की जा रही है, जिसे उन्होंने संविधान की भावना के विपरीत बताया।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का भी किया जिक्र
श्याम लाल पाल ने अपने संबोधन में राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस मामले ने लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता इस मुद्दे पर भी अपनी राय लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त करेगी। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान भी किया गया। जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव,पूर्व विधायक विजयपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत तमाम प्रमुख लोग मौजूद थे।
