वारसी नगर में सुबह हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को निकाला; पुलिस ने शुरू की जांच
मुरादाबाद: मुगलपुरा थाना क्षेत्र के वारसी नगर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे घर में मौजूद पांच बच्चे और एक महिला मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
लेंटर गिरते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे में शाकिर की पुत्री अनम, पुत्र सलमान, उनकी साली गुलाफशाह (पत्नी अय्यूब) तथा उनके तीन बच्चे हमजा, अहमद और जेहरा घायल हुए हैं।
मकान मालिक शाकिर ने बताया कि उनकी साली गुलाफशाह अपने तीन बच्चों के साथ एक दिन पहले ही उनके घर आई थीं। बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे सभी लोग घर में मौजूद थे, तभी दूसरी मंजिल का लेंटर अचानक गिर गया और सभी उसके नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुगलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी जुटाई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि अस्पताल में डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है।