जीवी पंत डिग्री कॉलेज के पास हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा, गंभीर घायल छात्र को बरेली ट्रॉमा सेंटर रेफर
बदायूं: बदायूं के कछला क्षेत्र में जीवी पंत डिग्री कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल से लौट रहे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, उझानी थाना क्षेत्र के सराय स्वाले गांव निवासी 19 वर्षीय सुमित, 18 वर्षीय आशीष और रमनगला गांव निवासी 16 वर्षीय अमन कछला स्थित राधेलाल इंटर कॉलेज के छात्र हैं। मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुजरिया थाना क्षेत्र के ज्योरा पारवारा गांव निवासी 28 वर्षीय सुनील अपनी बाइक से कछला गंगा घाट अंतिम संस्कार में जा रहा था।
हाईवे पर आमने-सामने भिड़ीं बाइकें
बरेली-मथुरा हाईवे पर जीवी पंत डिग्री कॉलेज के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कछला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
इलाज के दौरान छात्र की मौत
प्राथमिक उपचार के बाद तीन छात्रों को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। वहां से उनकी हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही छात्र आशीष ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो घायलों का इलाज जारी
गंभीर रूप से घायल सुमित को बेहतर इलाज के लिए बरेली ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अमन का इलाज जारी है। दूसरी बाइक सवार सुनील भी घायल हुआ है। छात्र की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: राजा खान,बदायूं
