पति पर दूसरी शादी का शक बना हादसे की वजह, महिला समेत तीन की मौत; एक बेटी वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रही है
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने अपने तीनों बच्चों को कथित रूप से जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार परसौना गांव निवासी कुसुम (38) ने अपने बच्चों मधु (12), राधिका (10) और सत्या (8) को जहर दिया और बाद में स्वयं भी जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर चारों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुसुम और उसकी बेटी राधिका की मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत में मधु और सत्या को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान सत्या ने भी दम तोड़ दिया। मधु की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
मृतका के भाई छोटू ने बताया कि कुसुम का पति धर्मेंद्र दिल्ली में काम करता है और चार दिन पहले घर आया था। कुसुम को शक था कि उसने दूसरी शादी कर ली है। इसी विवाद को लेकर 12 जुलाई को मायके पक्ष और रिश्तेदारों की मौजूदगी में समझौता हुआ था कि धर्मेंद्र अगले दिन कुसुम को विदा कराकर अपने साथ ले जाएगा।
परिजनों के मुताबिक धर्मेंद्र अगले दिन घर आया जरूर, लेकिन कुसुम को साथ लेकर नहीं गया और वापस चला गया। इसी बात से आहत होकर कुसुम ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी के संबंध और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।