वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाए इलाज न मिलने के आरोप; मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर दी सफाई
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपनी अचेत बहन को कंधे पर उठाकर मेडिकल कॉलेज की सीढ़ियों से नीचे लाता दिखाई दे रहा है। घटना को लेकर इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इन आरोपों से इनकार करते हुए अपना पक्ष सामने रखा है।
वायरल वीडियो में करीब 17 वर्षीय तरन्नुम, निवासी हुसैनपुर थाना आंवला (बरेली), अचेत अवस्था में दिखाई दे रही है। उसके साथ उसकी मां भी मौजूद हैं। परिजनों का आरोप है कि इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाने के बावजूद युवती को उचित उपचार नहीं मिला और वापस भेज दिया गया। उनका दावा है कि घर लौटते समय रास्ते में युवती की मौत हो गई। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद बदायूं राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि युवती अपनी मां और परिजनों के साथ ओपीडी में आई थी। मनोचिकित्सा विभाग के चिकित्सक ने जांच के बाद बताया कि वह गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित थी और बेहतर इलाज के लिए उसे उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान में ले जाने की सलाह दी गई थी। प्रशासन का कहना है कि परिजन युवती को स्वयं मेडिकल कॉलेज से लेकर चले गए थे।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रेस नोट में स्पष्ट किया है कि अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या अमानवीय व्यवहार नहीं किया गया। वहीं, मामले को लेकर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग तथ्यों की जांच कर रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोग स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।