बरेली : शहर में चोरों के बुलंद होते हौसलों ने आमजन की नींद उड़ा दी है। एक ही रात में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई बड़ी चोरियों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर बेख़ौफ़ बदमाश कानून के ख़ौफ़ से इतने बेपरवाह कैसे हो गए। सीबीगंज में सराफा दुकान की दीवार फोड़कर लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण और नकदी समेट ली गई, जबकि इज्जतनगर में छत के रास्ते घर में घुसे चोर एक महिला की जीवनभर की जमा पूंजी लेकर फ़रार हो गए। इन घटनाओं से लोगों में दहशत और नाराज़गी दोनों साफ़ दिखाई दे रही हैं। सीबीगंज थाना क्षेत्र के किला निवासी रूपकिशोर रस्तोगी की सराफा दुकान गांव दौली रघुबर दयाल स्थित मठिया के पास है।
साप्ताहिक अवकाश का उठाया फ़ायदा
चोरों ने साप्ताहिक अवकाश का फ़ायदा उठाकर बदमाशों ने लिंटर के पास दीवार में नकब लगाई, दुकान में घुसकर तिजोरी का लॉक तोड़ा और करीब दो किलो चांदी के आभूषण, दस ग्राम सोने के जेवर तथा लगभग 20 हजार रुपये नकद लेकर फ़रार हो गए। चोरी गए माल की कीमत लगभग सात लाख रुपये बताई गई है। उधर इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रामेश्वर कॉलोनी में रहने वाली राधा गंगवार के घर चोर छत के रास्ते दाखिल हुए।
बाहर से बंद किया दरबाजा
वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने महिला के कमरे का दरवाज़ा बाहर से बंद कर दिया, पीड़िता ने बताया फिर दूसरे कमरे में रखी सेफ तोड़कर सोने की चेन, लॉकेट,अंगूठियां, कुंडल, छह से सात तोला सोना, करीब 400 ग्राम चांदी की पायल और आठ हजार रुपये नकद समेट ले गए। सुबह जब महिला की नींद खुली तो घर का बिखरा सामान और खाली सेफ देखकर उसके होश उड़ गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि बदमाश सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि केवल मुकदमे दर्ज कर लेना पर्याप्त नहीं, बल्कि ऐसे गिरोहों तक जल्द पहुँचना और सख़्त कार्रवाई करना ही लोगों के टूटते भरोसे को फिर से मज़बूत कर सकता है।
