बरेली: यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
डॉक्टर के पास छोड़ने के बहाने ले गया, दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह दवा लेने जा रही थी। इसी दौरान पहले से परिचित जुबैर ने डॉक्टर के पास छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि वह महिला को एक सुनसान जगह पर बने कमरे में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और बाद में उसे गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर फतेहगंज पूर्वी थाने में संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम शिवपुरी जंगल नहर कोठी के पास मौजूद है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी ने भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
तमंचा, कारतूस, नकदी और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुबैद उर्फ जुबैर, निवासी ग्राम मलपुर थाना भुता, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, 37,690 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
