बरेली: आगामी श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए कई अहम निर्देश दिए। इस बार कांवड़ यात्रा के लिए कई नई व्यवस्थाएं भी लागू की जाएंगी।
हर थाने में कांवड़ सेल

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इस वर्ष जिले के प्रत्येक थाने में विशेष कांवड़ सेल बनाया गया है। इसमें दो उपनिरीक्षक, दो बीट पुलिसकर्मी और दो मुंशी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा हर कांवड़ जत्थे के साथ एक नोडल पुलिसकर्मी रहेगा, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। पुलिस टीमें गांव-गांव जाकर जत्थेदारों और आयोजकों से संपर्क कर उनकी पूरी जानकारी भी जुटाएंगी।
10 से 20 जुलाई तक संवाद अभियान

कांवड़ यात्रा को लेकर 10 से 20 जुलाई तक जिले में विशेष संवाद अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ग्राम प्रधानों, पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, व्यापार मंडलों, होटल और ढाबा संचालकों, डीजे संचालकों, पेट्रोल पंप संचालकों, कांवड़ समितियों और अन्य संबंधित लोगों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं 17 से 19 जुलाई के बीच प्रत्येक सर्किल में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक भी होगी, ताकि सभी विभाग मिलकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकें।
रूट पर बढ़ेगी सुरक्षा, पुलिस कर्मियों को जिम्मा

कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रमुख स्थानों और अंतरजनपदीय सीमाओं पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी। यहां वायरलेस सेट, बैरियर और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।डायल-112 की पीआरवी, बाइक मोबाइल टीमें और एंबुलेंस भी पूरे रूट पर तैनात रहेंगी। जहां जरूरत होगी वहां सड़क की लाइट, झूलते बिजली के तार और डिवाइडर कट जैसी समस्याओं को भी संबंधित विभागों के सहयोग से दूर कराया जाएगा।
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर, अफवाह फैलाने पर कार्रवाई
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया की लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने, कांवड़ सेवा शिविरों में सुरक्षा और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
