बरेली: यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सैजना में धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पादरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी गांव में एक घर पर सभा कर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था। इतना ही नहीं, वह धार्मिक पुस्तिकाएं बांट रहा था, प्रलोभन दे रहा था और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें भी कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और अगले ही दिन आरोपी पादरी को पकड़ लिया।
गांव के घर में सभा कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सैजना निवासी अंकित ने शिकायत दी थी कि प्रेमपाल नाम का व्यक्ति गांव में गजेन्द्र के घर पर धर्म परिवर्तन से जुड़ी सभा कर रहा है। आरोप है कि इस सभा में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा गया और उन्हें धार्मिक प्रचार सामग्री भी दी गई। शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी ने लोगों को अलग-अलग तरह के लालच दिए और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस शिकायत के आधार पर मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने अंडरपास के नीचे से आरोपी को दबोचा
यह मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। 10 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर मीरगंज पुलिस टीम ने नगरिया सादात फाटक के सामने अंडरपास के नीचे से आरोपी पादरी प्रेमपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से 6 धार्मिक पुस्तकें, एक हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में बोला पादरी- सभा की थी
पुलिस पूछताछ में आरोपी पादरी प्रेमपाल ने बताया कि वह ईसाई धर्म का प्रचारक है। उसने कबूल किया कि 9 जुलाई को गांव सैजना में गजेन्द्र के घर पर एक सभा आयोजित की गई थी, जिसमें कुछ लोग मौजूद थे। आरोपी ने यह भी कहा कि उसने लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। बाद में जब उसे पता चला कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है तो वह वहां से निकलने और बचने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
