बरेली: यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र में चोरी के दो अलग-अलग मामलों का पुलिस ने खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। एक मामले में घर से बाइक और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे और निशानदेही पर तीन चोरी की बाइकें बरामद की गई हैं। वहीं दूसरे मामले में घर और जंगल से इंजन चोरी करने वाले आरोपी को पकड़कर दो चोरी के इंजन बरामद किए गए हैं।
रूपापुर में घर से बाइक और नकदी चोरी, पुलिस ने आरोपी जगवीर को दबोचा
पहला मामला थाना भुता क्षेत्र के गांव रूपापुर का है। यहां बुद्धसेन ने 8 जुलाई को तहरीर देकर बताया कि उनके घर से एक बाइक और 53,300 रुपये नकद चोरी हो गए हैं। इस शिकायत के आधार पर थाना भुता में धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान 9 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि इस मामले से जुड़ा आरोपी जगवीर निवासी अंडूपुरा, थाना इज्जतनगर, चोरी की बाइक लेकर बीसलपुर की ओर से भुता की तरफ आ रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने बीसलपुर-भुता मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने रिश्तेदार बुद्धसेन के घर से एचएफ डीलक्स बाइक चोरी की थी। पुलिस ने जब उससे और पूछताछ की तो उसने दो अन्य मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात भी कबूल कर ली।
पूछताछ में खुलीं और चोरियां, झाड़ियों से दो और बाइक बरामद

जगवीर की निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे झाड़ियों से दो अन्य चोरी की बाइकें भी बरामद कीं।इनमें एक एचएफ डीलक्स बाइक और एक बिना नंबर प्लेट की बजाज सीटी 100 शामिल है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि एक बाइक उसने ग्राम जुवैदा जुवैदी थाना क्योलड़िया क्षेत्र से चोरी की थी, जबकि दूसरी बाइक गंगापुर बाजार, थाना भुता क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस तरह पुलिस ने एक ही आरोपी से कुल तीन चोरी की बाइकें बरामद कर लीं। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 336(3), 318(4) और 317 बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह इन चोरी की गाड़ियों को कहां और किसे बेचने की तैयारी में था।
मगरासा और खरदाह से इंजन चोरी का खुलासा
दूसरा मामला भी थाना भुता क्षेत्र से जुड़ा है। ग्राम मगरासा निवासी राजपाल ने 8 जुलाई को शिकायत दी थी कि उनके घर से इंजन चोरी कर लिया गया है। इस पर थाना भुता में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को ज्ञानचन्द्र उर्फ ज्ञानी निवासी गोपालपुर, थाना क्योलड़िया और उसके साथी अजय कुमार निवासी खिरकिया, थाना बीसलपुर, पीलीभीत का नाम पता चला। 10 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि ज्ञानचन्द्र चोरी के इंजन के साथ खरदाह तिराहे की ओर आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे एक इंजन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने साथी अजय के साथ मिलकर ग्राम मगरासा से इंजन चोरी किया था और बाद में ग्राम खरदाह के जंगल से भी एक अन्य इंजन चोरी किया। दोनों इंजन खरदाह तिराहे के पास एक खंडहर में छिपाकर रखे गए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरा इंजन भी बरामद कर लिया।
भुता पुलिस की कार्रवाई में 5 चोरी का सामान बरामद
इन दोनों मामलों में भुता पुलिस ने कुल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच चोरी का सामान बरामद किया है, जिनमें तीन बाइकें और दो इंजन शामिल हैं। इंजन चोरी के मामले में पुलिस ने धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की है, जबकि बाइक चोरी के मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और इंजन चोरी के मामले में फरार आरोपी अजय कुमार की तलाश जारी है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच भुता पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में सक्रिय चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।
