432 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की भी घोषणा
अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान बीकापुर में आयोजित विशाल जनसभा में जिले को 432 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी वितरित कीं।
सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम योगी
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अयोध्या को विकास से दूर रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने अयोध्या की आस्था और पहचान के साथ न्याय नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या विकास और समृद्धि के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। उनका कहना था कि जब नीयत साफ होती है तो विकास अपने आप दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा और हनुमान जी के आशीर्वाद से अयोध्या तेजी से आगे बढ़ रही है।
‘500 साल में जो नहीं हुआ, वह हमने कर दिखाया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या की तस्वीर बदल दी है। आज अयोध्या हवाईअड्डे के माध्यम से देश और दुनिया से जुड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले सरयू नदी की सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाता था, जबकि अब अयोध्या को आधुनिक और धार्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बिना रुके और बिना थके काम किया है और वह कार्य कर दिखाया है, जो पिछले 500 वर्षों में नहीं हो पाया।
दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने खिरौनी सोहावल नगर पंचायत का नाम बदलकर मां ज्वाला देवी नगर पंचायत तथा भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम भरत नगर भरतकुंड किए जाने की घोषणा की।
लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
