पीलीभीत में 569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात, 2,500 बंगाली विस्थापित परिवारों को नागरिकता प्रमाणपत्र और भूमि अधिकार पत्र सौंपे
पीलीभीत/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर गांव में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि “यूपी में साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा। इसलिए जनता ने साइकिल पंचर कर दी।”।उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को “माफिया मुक्त, दंगा मुक्त और कर्फ्यू मुक्त” बनाया है। मुख्यमंत्री ने जिले को 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने करीब 2,500 बंगाली विस्थापित परिवारों को नागरिकता प्रमाणपत्र और भूमि अधिकार पत्र भी वितरित किए।
NO दंगा, NO कर्फ्यू… UP में सब चंगा

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में माफिया खुलेआम घूमते थे, थानों और तहसीलों पर कब्जा कर लेते थे और दंगे कराते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सरकारें माफियाओं को संरक्षण देती थीं। उन्होंने कहा,”आज वही माफिया गले में तख्ती लटकाकर कहते हैं- साहब, हमें बख्श दीजिए। ठेला लगाकर गुजारा कर लेंगे, लेकिन गुंडागर्दी और दंगा नहीं करेंगे।”मुख्यमंत्री ने नारा देते हुए कहा, “NO दंगा, NO कर्फ्यू… UP में अब सब चंगा।
साइकिल चली तो दंगे होंगे
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर तंज कसते हुए कहा,”अगर यूपी में फिर साइकिल चली तो दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा। इसलिए प्रदेश की जनता ने साइकिल को पंचर कर दिया है।”उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।
सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण का आरोप

सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि दोनों दलों ने वर्षों तक शासन किया, लेकिन बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर आए हिंदू परिवारों, गरीबों, दलितों और वंचितों की कभी चिंता नहीं की। उन्होंने कहा,”इन दलों की राजनीति केवल तुष्टिकरण तक सीमित रही। भाजपा सरकार बिना भेदभाव सभी वर्गों के लिए काम कर रही है।”
2,500 बंगाली परिवारों को नागरिकता प्रमाणपत्र
मुख्यमंत्री ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत पीलीभीत के करीब 2,500 बंगाली विस्थापित परिवारों को नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन के बाद पाकिस्तान और बाद में बांग्लादेश में प्रताड़ना झेलने वाले हजारों हिंदू परिवारों को वर्षों तक अधिकार नहीं मिले। अब उन्हें सम्मानपूर्वक भारत की नागरिकता मिल रही है।
योगी ने कहा कि इससे करीब 15 हजार लोगों को नया जीवन और संवैधानिक अधिकार प्राप्त हुए हैं।
सपा के लिए विकास का मतलब सिर्फ सैफई

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए विकास का मतलब केवल सैफई तक सीमित रहा। उन्होंने कहा,”अगर पीलीभीत उनके एजेंडे में होता तो चार बार सरकार रहने के बावजूद यहां मेडिकल कॉलेज बन गया होता।”उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य कर रही है।
569 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
पीलीभीत दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में भी 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को विकास की नई सौगात दी।
राजनीतिक संदेश भी, विकास का दावा भी
पीलीभीत की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ-साथ कानून व्यवस्था, नागरिकता संशोधन कानून (CAA), माफिया पर कार्रवाई और विपक्ष पर हमलों के जरिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले स्पष्ट राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने भाजपा सरकार को विकास, सुरक्षा और सुशासन का प्रतीक बताते हुए जनता से इसी मॉडल पर भरोसा बनाए रखने की अपील की।
रिपोर्ट ऋतिक द्विवेदी
