बरेली : दरगाह आला हज़रत में सोमवार यानी 29 जून को 46वां एक रोज़ा उर्स-ए-नूरी बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जाएगा। उर्स का आयोजन दरगाह सरपरस्त मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां की सदारत में होगा। उर्स में शिरकत करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से जायरीन का बरेली पहुंचना शुरू हो गया है।वहीं मोहर्रम और उर्स-ए-नूरी के अवसर पर हजियापुर में लगाए गए विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
देश के कई राज्यों से बरेली पहुंच रहे जायरीन

दरगाह आला हज़रत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि उर्स-ए-नूरी के अवसर पर सुबह से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कुल शरीफ की रस्म देर रात 1 बजकर 40 मिनट पर अदा की जाएगी। महाराष्ट्र, ओडिशा, असम, कर्नाटक, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से अकीदतमंदों और जायरीन का बरेली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उर्स की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
हजियापुर में लगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
मोहर्रम और उर्स-ए-नूरी के मौके पर मरकज़ ए अहले सुन्नत वेलफेयर ट्रस्ट (मरकज़ एड) की ओर से हजियापुर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन ट्रस्ट के अध्यक्ष मोहसिन हसन खान और क्षेत्रीय पार्षद रईस मियां अब्बासी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इंसानियत की सेवा और जरूरतमंदों की मदद से बढ़कर कोई खिदमत नहीं होती। शिविर में शहर के विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं देकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
568 लोगों की जांच, 23 मोतियाबिंद मरीजों का होगा ऑपरेशन
शिविर प्रभारी नासिर कुरैशी और हस्सान रज़ा ने बताया कि शिविर में कुल 568 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि मुफ्त खून की जांच और दवाइयों का वितरण भी किया गया। जांच के दौरान 23 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई। जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध है, उनका उपचार आयुष्मान योजना के तहत कराया जाएगा, जबकि शेष 17 मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन संस्था द्वारा राजेंद्र नगर स्थित कैलाश आई लेज हॉस्पिटल में अलग-अलग तिथियों पर कराए जाएंगे। शिविर में 64 लोगों की थायराइड प्रोफाइल, कैल्शियम, कोलेस्ट्रॉल, यूरिक एसिड, शुगर और हिमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांचें भी मुफ्त की गईं। डॉक्टरों ने लोगों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और संतुलित खान-पान के बारे में भी जागरूक किया। इस अवसर पर शाहनवान हुसैन, आफताब खान, मुनीश शर्मा, सैय्यद फैजान, इरम, इब्राहीम खान समेत कई लोगों ने सहयोग प्रदान किया।
