बरेली : भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आज 21 मई 2025 को कांग्रेसजनों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बरेली के सिरौली नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने उनके योगदान को याद कर कहा कि राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच और तकनीकी दृष्टिकोण ने भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर किया।
राजीव गांधी ने भारत को दी तकनीकी क्रांति : मिर्जा अशफ़ाक सकलैनी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफ़ाक सकलैनी ने कहा कि “राजीव गांधी ही वह नेता थे, जिन्होंने 18 वर्ष की उम्र में युवाओं को मतदान का अधिकार दिया, देश में कंप्यूटर और मोबाइल क्रांति की नींव रखी और पंचायतीराज व्यवस्था लागू कर ग्रामीण भारत को सशक्त किया।”उन्होंने आगे कहा कि आज अगर भारत ग्राम से लेकर वैश्विक मंच तक विकास की राह पर अग्रसर है, तो इसका श्रेय राजीव गांधी की दूरदर्शिता और लोकतांत्रिक सोच को जाता है।
पंचायतीराज से गांवों को मिली ताकत
पूर्व पीएम राजीव गांधी द्वारा लाए गए 73वें संविधान संशोधन के ज़रिये पंचायतों को संवैधानिक दर्जा मिला। मिर्जा अशफ़ाक ने कहा कि “आज जो विकास की योजनाएं ग्राम स्तर तक पहुंच रही हैं, वो राजीव गांधी द्वारा शुरू किए गए पंचायतीराज कानून की देन है।”
कार्यक्रम में शामिल हुए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सिरौली नगर व ब्लॉक के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान रिंकू बाल्मीकि (ब्लॉक अध्यक्ष, रामनगर),रियाजुल पधान (नगर अध्यक्ष),ओंकार मौर्य,लोकपाल सागर, सभासद मुस्तकीम अली, सनाब्बर खान,बसीम खलीफा, तथा कांग्रेस से जुड़े कई वरिष्ठ नेता और युवा कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान राजीव गांधी के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक प्रसंग साझा किए गए। उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और देश की एकता व तकनीकी विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
![]()
