भुता के केसरपुरा गांव में हादसा, कार रोकने की कोशिश पड़ी भारी
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र के केसरपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय किसान अर्जुन कुमार की जान चली गई। घर के बाहर ढलान पर खड़ी पड़ोसी की कार अचानक पीछे की ओर चल पड़ी। कार को रोकने की कोशिश में अर्जुन कार और दीवार के बीच बुरी तरह दब गए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अचानक पीछे लुढ़की कार, बचाने की कोशिश में हादसा
परिजनों के मुताबिक, अर्जुन कुमार अपने घर के बाहर खड़े थे। उसी दौरान दरवाजे के पास ढलान पर खड़ी पड़ोसी की कार अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगी।अनियंत्रित कार को रोकने के प्रयास में अर्जुन उसके सामने आ गए और कार तथा दीवार के बीच बुरी तरह फंस गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज के दौरान मौत

अर्जुन की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें कार के बीच से निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन शुक्रवार रात उनकी हालत बिगड़ गई और शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अर्जुन कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। अर्जुन अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। वह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को भेजा शव
इस घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
